home page

गुवाहाटी में अलग-अलग अभियानों में दो ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन बरामद

 | 
गुवाहाटी में अलग-अलग अभियानों में दो ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार, हेरोइन बरामद


गुवाहाटी, 17 जून (हि.स.)। असम पुलिस के “असम अगेंस्ट ड्रग्स” अभियान के तहत बुधवार को गुवाहाटी में चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में दो कथित ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से हेरोइन, नकदी, वाहन और अन्य सामान बरामद किया है।

पुलिस आयुक्तालय के अनुसार, पहले अभियान में पलटन बाजार थाना की सीजीपीडी टीम ने सिपाझार निवासी 50 वर्षीय मोमता बेगम को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 शीशियों में रखी गई 15.79 ग्राम हेरोइन तथा 640 रुपये नकद बरामद किए गए।

एक अन्य अभियान में बशिष्ठ थाना की ईजीपीडी टीम ने लालमाटी और बेहारबाड़ी के बीच सर्विस रोड के निकट स्थित एक ठिकाने पर छापामारी कर बोको निवासी 30 वर्षीय गुल महम्मद अली को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने बताया कि आरोपित के पास से दो साबुनदानी में छिपाकर रखी गई 25 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और एएस-01डीवी-0899 पंजीकरण संख्या वाली एक ऑल्टो कार भी जब्त की गई।

दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश