home page

तनाव प्रबंधन और आंतरिक शक्ति बढ़ाने पर दो दिवसीय कार्यक्रम शुरू

 | 
तनाव प्रबंधन और आंतरिक शक्ति बढ़ाने पर दो दिवसीय कार्यक्रम शुरू


गुवाहाटी, 09 सितंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की पहली बटालियन मुख्यालय, सोनापुर में बुधवार को “तनाव का उन्मूलन एवं आंतरिक शक्ति का संवर्धन” विषय पर दो दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षा सेवा विंग, आरईआरएफ, माउंट आबू द्वारा एसएसबी कर्मियों के लिए 9 और 10 सितंबर को किया जा रहा है।

कार्यक्रम का उद्घाटन पहली बटालियन के कमांडेंट सुनील कौशिक ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने आरईआरएफ की टीम का स्वागत एवं अभिनंदन भी किया। कार्यक्रम में पहली बटालियन मुख्यालय तथा फ्रंटियर मुख्यालय, गुवाहाटी के अधिकारी और जवान शामिल हुए।

यह कार्यक्रम ब्रह्माकुमारीज, माउंट आबू के सुरक्षा सेवा विंग द्वारा विभिन्न एसएसबी फ्रंटियर में चलाए जा रहे तनाव प्रबंधन और आंतरिक शक्ति संवर्धन अभियान का हिस्सा है।

कार्यक्रम के प्रशिक्षकों में कैप्टन शिव सिंह, प्रो. ओमकार सिंह और बीके खुशबू शामिल हैं। सत्रों में तनाव प्रबंधन, आत्म-सशक्तीकरण, सकारात्मक सोच, संबंधों में सामंजस्य, नींद प्रबंधन, ध्यान, भावनात्मक संतुलन तथा खुशहाल जीवन जीने की कला जैसे विषयों पर चर्चा की जा रही है।

प्रतिभागियों को दैनिक जीवन और ड्यूटी के दौरान तनाव के कारणों तथा उसे प्रभावी ढंग से नियंत्रित करने की व्यावहारिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शांतचित्त रहने, भावनाओं को नियंत्रित करने, सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में ध्यान एवं एकाग्रता अभ्यास, सकारात्मक सोच तथा आंतरिक क्षमताओं को पहचानने और मजबूत करने से संबंधित गतिविधियां भी कराई जा रही हैं। पर्याप्त नींद, संतुलित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य एसएसबी कर्मियों को व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन में तनावपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने में सक्षम बनाना तथा मानसिक शांति, आंतरिक शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना है। इससे कर्मियों में उत्साह, एकाग्रता, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की क्षमता विकसित करने की भी उम्मीद है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश