home page

मिजोरम में गहरी खाई में गिरा सामान ले जा रहा वाहन, कछार के दो युवकों की मौत

 | 
मिजोरम में गहरी खाई में गिरा सामान ले जा रहा वाहन, कछार के दो युवकों की मौत


आइजोल (मिजोरम), 27 अप्रैल (हि.स.)। असम के कछार जिले के दो युवकों की मिजोरम के सैतुअल जिले के केइफांग के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि मालवाहक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से दोनों की मौके पर ही जान चली गई।

मृतकों की पहचान अकमल हुसैन लस्कर उर्फ शाहीन और राहुल आलम मजूमदार के रूप में हुई है। दोनों कछार जिले के धोलाई क्षेत्र के खुलीचेरा गांव के निवासी थे। हादसे के समय लस्कर वाहन चला रहा था, जबकि मजूमदार उसके साथ सवार था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों सिलचर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। अदरक से लदा वाहन (एएस-01एससी-7343) एक तीखे ढलान से गुजरते समय अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

अधिकारियों के मुताबिक, वाहन के गिरने से उसे भारी क्षति पहुंची और दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिजन आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के लिए मिजोरम के लिए रवाना हो गए हैं। वहीं, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश