इटानगर में हेरोइन के साथ अरुणाचल प्रदेश पुलिस के दो जवान गिरफ्तार
इटानगर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश की राजधानी इटानगर में पुलिस ने कथित तौर पर हेरोइन रखने के आरोप में अपने ही विभाग के दो जवानों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से करीब 11 ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। राजधानी पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर इटानगर के जुल लैंग इलाके में एक किराये के मकान में तलाशी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व इटानगर के एसडीपीओ चेरा सबन ने किया, जबकि कैपिटल एसपी जुम्मर बासर के निर्देशन में पूरी कार्रवाई की गई। सक्षम प्राधिकारी से लिखित अनुमति लेने के बाद नगर मजिस्ट्रेट मैरी तानयांग की उपस्थिति में तलाशी ली गई।
गिरफ्तार जवानों की पहचान अरुणाचल प्रदेश पुलिस (सिविल) के कांस्टेबल मोननोंग तांगकू और इंडिया रिजर्व बटालियन (आईआरबीएन) के कांस्टेबल जबदांग खाबिसो के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि तांगकू के कब्जे से करीब छह ग्राम और खाबिसो के पास से पांच ग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की गई। अभियान के दौरान दोनों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, तलाशी और जब्ती की पूरी प्रक्रिया कार्यपालक मजिस्ट्रेट तथा एक स्वतंत्र गवाह की उपस्थिति में पूरी की गई और इसे ई-साक्ष्य एप्लिकेशन के माध्यम से दर्ज किया गया।
इस मामले में इटानगर पुलिस थाने में मामला संख्या 345/2026 दर्ज किया गया है। आरोपितों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की धारा 21(ए), 27ए और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थ की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने, संभावित संपर्कों की पहचान करने और अन्य लोगों की संलिप्तता की जांच के लिए आगे की कार्रवाई जारी है। कैपिटल पुलिस ने दोहराया कि मादक पदार्थों से जुड़े अपराधों के प्रति उसकी शून्य सहनशीलता की नीति है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति के पद या रैंक की परवाह किए बिना कार्रवाई की जाएगी।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

