home page

नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न, दो गिरफ्तार

 | 

कोकराझार (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। कोकराझार में एक नाबालिग किशोरी के साथ कथित यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खिरोद दास (48) और अजय राजबहा (35) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, मामले में कोकराझार थाना में बीएनएस की धारा 127(2), 75(2), 76 तथा पास्को एक्ट की धारा 8/12/17 के तहत केस संख्या 133/2026 दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपित अजय राजबहा, जो ई-रिक्शा चालक है, कथित तौर पर एक नाबालिग छात्रा को दूसरे रास्ते से ले जाकर आरएनबी रोड स्थित ‘ब्लू डायमंड’ रेस्टोरेंट में ले गया। आरोप है कि उसने छात्रा का स्कूल बैग लेकर उसे ई-रिक्शा की सीट के नीचे बने बॉक्स में रखकर लॉक कर दिया।

इसके बाद कथित तौर पर किशोरी को रेस्टोरेंट के अंदर एक केबिन में ले जाकर उसके साथ यौन उत्पीड़न का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने किशोरी को शराब पिलाने की भी कोशिश की।

गिरफ्तार आरोपितों में खिरोद दास ‘ब्लू डायमंड’ रेस्टोरेंट का मालिक बताया गया है। स्थानीय स्तर पर रेस्टोरेंट में लंबे समय से कथित अनैतिक गतिविधियां संचालित होने के आरोप भी सामने आते रहे हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा