ट्रक में लगी आग, 40 लाख रुपये का सामान जलकर राख
शोणितपुर (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। जिले के रंगापाड़ा में सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में अचानक लगी आग के चलते इलाके में अफरा-तफरी फैल गयी। बताया गया है कि सड़क किनारे सामान से लदे ट्रक (एएस-09एसी-2453) में बीती देर रात अचानक आग लग गई। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि आग लगने की वजह तकनीकी खराबी हो सकती है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि साप्ताहिक बाजार में सामान पहुंचाने के लिए ट्रक में देर रात सामान लोड कर उसे रंगापाड़ा की सड़क पर खड़ा किया गया था। इसी दौरान अचानक ट्रक में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रंगापाड़ा पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि, आग बुझाने में सफलता मिलने के बावजूद ट्रक में लदा करीब 40 लाख रुपये मूल्य का सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना के कारण इलाके में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जयकिशोर झा

