त्रिपुरा में आंधी-तूफान का कहर, दो की मौत और चार घायल
अगरतला, 01 मई (हि.स.)। त्रिपुरा में पिछले 48 घंटों के दौरान आए भीषण आंधी-तूफान और तेज बारिश ने व्यापक तबाही मचाई है। इन घटनाओं में कम से कम दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
मृतकों में एक पांच वर्षीय बच्चा भी शामिल है, जिसकी मौत उनाकोटी जिले के राधानगर में कच्चा घर गिरने से हो गई। हादसे में उसका भाई भी घायल हो गया। वहीं, धलाई जिले के लॉन्गतराई वैली क्षेत्र में एक व्यक्ति की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों में अलग-अलग घटनाओं में तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं।
तूफान के कारण राज्यभर में भारी नुकसान हुआ है। कुल 3,999 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें से 179 पूरी तरह से नष्ट हो गए। प्रभावित परिवारों के लिए राज्य सरकार ने अब तक 79.59 लाख रुपये की अंतरिम सहायता राशि जारी की है।
विस्थापित लोगों की सहायता के लिए चार राहत शिविर स्थापित किए गए, जहां लगभग 243 परिवारों को अस्थायी आश्रय दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद अब सभी लोग अपने घरों को लौट चुके हैं।
आंधी-तूफान के चलते बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। कुल 130 बिजली के खंभे गिरने की सूचना है, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली बाधित रही। दूरदराज के इलाकों में बहाली का कार्य जारी है।
इस बीच, मौसम विभाग ने सिपाहीजला और दक्षिण त्रिपुरा जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई है, जिसके चलते प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

