home page

पोती के साथ रेप और हत्या के मामले में आरोपित दादा गिरफ्तार

 | 

अगरतला (त्रिपुरा), 02 अप्रैल (हि.स.)। पोती के साथ रेप और हत्या के आरोप में दादा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान प्राण बल्लभ दास के रूप में हुई है। उसे 15 साल की लड़की (जो 10वीं कक्षा की छात्रा थी) की मौत की शुरुआती जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता अपने दादा-दादी के साथ रह रही थी, क्योंकि उसकी मां का निधन हो चुका था और उसके पिता चेन्नई में नौकरी करते हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह मामला तब सामने आया, जब बुधवार को लड़की का शव उसके घर में फंदे से लटका हुआ मिला। हालांकि, आरोपित दादा को लगातार पूछताछ के दो दिनों के बाद गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि एक पड़ोसी, जो छात्रा से मिलने आया था, उसने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। शुरू में इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कई रहस्यमयी बातें सामने आईं।

पुलिस ने बताया कि लगातार पूछताछ के दौरान, आरोपित ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोप है कि पीड़िता लंबे समय से अपने दादा द्वारा यौन शोषण का शिकार हो रही थी। आरोपित को डर था कि लड़की द्वारा अपनी एक सहेली को यह बात बताने के बाद मामला खुल जाएगा, इसलिए उसने कथित तौर पर बुधवार को लड़की का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की।

शव को पोस्टमार्टम के लिए स्थानीय अस्पताल भेजा गया है। मौत के सही कारणों की पुष्टि करने और यौन हमले से जुड़े फॉरेंसिक सबूत जुटाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय