home page

बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, असम के मुख्यमंत्री ने किया नमन्

 | 
बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, असम के मुख्यमंत्री ने किया नमन्


गुवाहाटी, 01 मई (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने बोडो समाज के महान नेता बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ब्रह्म ने बोडो समाज के स्वाभिमान, अधिकार और सम्मान की रक्षा के लिए अदम्य साहस और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म के महान आदर्श, त्याग और उनके उत्कृष्ट कार्यों को बोडो तथा असमिया समाज सदैव स्मरण रखेगा। उन्होंने उनके प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने नई दिल्ली में उनके नाम पर एक महत्वपूर्ण सड़क का नामकरण करने के साथ-साथ उनकी प्रतिमा स्थापित करने की पहल की, जो एक सराहनीय कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म असम और बोडोलैंड क्षेत्र के सबसे महान और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों में से एक थे। उनके आदर्श आज भी समाज की सेवा करने और बोडोलैंड क्षेत्रीय क्षेत्र (बीटीआर) को सशक्त एवं समृद्ध बनाने की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करते हैं।

उन्होंने अंत में बोडोफा उपेंद्रनाथ ब्रह्म को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके प्रति गहरी श्रद्धा व्यक्त की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश