लालूंगांव में पौधरोपण और नशा मुक्ति जागरूकता अभियान
गुवाहाटी, 19 सितंबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम बटालियन, सोनापुर की ‘ई’ कंपनी द्वारा लोखरा के लालूंगांव स्थित एलपी स्कूल में पौधरोपण एवं नशा मुक्ति जागरूकता अभियान आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रथम बटालियन एसएसबी, सोनापुर के कमांडेंट सुनील कौशिक तथा द्वितीय कमान एवं कार्यवाहक कमांडेंट इबौचौबा सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
‘ई’ कंपनी के कंपनी कमांडर निरीक्षक (जनरल) मिलन बिस्वास ने स्थानीय लोगों, विद्यार्थियों और अन्य प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए पौधरोपण तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी उचित देखभाल एवं संरक्षण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर भी विस्तृत जागरूकता अभियान चलाया गया। प्रतिभागियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के तहत स्कूल परिसर और उसके आसपास पौधरोपण भी किया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के साथ विद्यार्थियों, युवाओं और स्थानीय समुदाय में स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

