धान खरीद पर नव नियुक्त पीपीसी प्रबंधकों के लिए गुवाहाटी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। असम खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम लिमिटेड (एएफसीएससीएल) की ओर से बुधवार को खानापाड़ा स्थित ग्रामीण विकास राज्य संस्थान (एसआईआरडी) के अकादमिक हॉल में नव नियुक्त धान खरीद केंद्र (पीपीसी) प्रबंधकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नव नियुक्त पीपीसी प्रबंधकों को असम में धान खरीद से जुड़ी विभिन्न प्रक्रियाओं, परिचालन आवश्यकताओं और तकनीकी पहलुओं से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में असम सरकार के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अपर मुख्य सचिव बिस्व रंजन सामल, आईएएस, एएफसीएससीएल के उपाध्यक्ष देवान ध्रुवज्योति मरल, विभाग की सचिव अनुसुआ दत्ता बरुवा, आईएएस और एएफसीएससीएल की प्रबंध निदेशक पारिजात भुइयां सहित प्रशिक्षु पीपीसी प्रबंधक, जिला अधिकारी तथा निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों के पंजीकरण, धान की गुणवत्ता के आकलन, धान खरीद में कृषि विभाग की भूमिका, किसानों को न्यूनतम् समर्थन मूल्य (एमएसपी) के भुगतान, परिवहन एवं गोदाम के बिल जमा करने तथा मिलिंग प्रोत्साहन से संबंधित प्रक्रियाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके अलावा धान खरीद से संबंधित सूचना प्रौद्योगिकी के पहलुओं पर भी प्रशिक्षण दिया गया। इसके लिए दो बैच में व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को खरीद प्रक्रिया से जुड़ी परिचालन संबंधी चुनौतियों और समस्याओं पर चर्चा करने तथा उनका समाधान जानने का अवसर भी दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पीपीसी प्रबंधकों की खरीद प्रक्रियाओं, गुणवत्ता मानकों और दस्तावेजी आवश्यकताओं की समझ को मजबूत करना तथा राज्य में धान खरीद व्यवस्था के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना था।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

