कोकराझार में विस चुनाव के लिए प्रिसाइडिंग अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू
कोकराझार (असम), 08 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनज़र कोकराझार जिले में प्रिसाइडिंग अधिकारियों (पीओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम रविवार से प्रारंभ हो गया। मतदान प्रक्रिया को सुचारु और निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न हाई स्कूल, एमई स्कूल और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक भाग ले रहे हैं, जिन्हें चुनाव के दौरान प्रिसाइडिंग अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी निभानी होगी। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन एक साथ दो स्थानों—बोडोलैंड विश्वविद्यालय, कोकराझार तथा सेंट एंथनी कॉलेज, गोसाईगांव में किया जा रहा है।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान अधिकारियों ने प्रतिभागियों को चुनाव प्रक्रिया, प्रिसाइडिंग अधिकारियों के कर्तव्य और जिम्मेदारियां, ईवीएम और वीवी पैट मशीनों के संचालन तथा मतदान के दिन पालन किए जाने वाले आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।
इस दौरान कोकराझार के जिला आयुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज चक्रवर्ती ने भी प्रशिक्षण स्थल का दौरा किया और प्रिसाइडिंग अधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने में प्रिसाइडिंग अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

