home page

स्वायत्त परिषद चुनावों और बीटीसी की तीन सीटों पर उपचुनाव के लिए 45 पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा

 | 

गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम राज्य निर्वाचन आयोग ने सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद और मिशिंग स्वायत्त परिषद के आगामी आम चुनावों के साथ बोडोलैंड प्रादेशिक परिषद (बीटीसी) के तीन निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए नियुक्त 45 चुनाव पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुक्रवार को पूरा कर लिया।

इस संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम असम राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यवेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका, जिम्मेदारियों और कर्तव्यों से अवगत कराना था।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य निर्वाचन आयुक्त रंजन शर्मा ने स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने में पर्यवेक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निष्पक्षता और जवाबदेही बनाए रखने तथा चुनावों के सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आयोग के सचिव गीतार्थ बरुवा और उप सचिव ऋषिकेश बरुवा ने पर्यवेक्षकों को चुनाव प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं के साथ उनके दायित्वों और जिम्मेदारियों का प्रशिक्षण दिया।

आयोग के अनुसार, सोनोवाल कछारी स्वायत्त परिषद चुनाव में 32 निर्वाचन क्षेत्रों के 337 मतदान केंद्रों पर कुल 1,63,966 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

वहीं, मिशिंग स्वायत्त परिषद चुनाव में 40 निर्वाचन क्षेत्रों के 1,033 मतदान केंद्रों पर कुल 6,35,601 मतदाता मतदान करेंगे।

इसके अतिरिक्त बीटीसी के काजलगांव, दरंगाजुली और रौता परिषद निर्वाचन क्षेत्रों में उपचुनाव आयोजित किए जाएंगे।

आयोग ने इन तीनों चुनावी प्रक्रियाओं की निगरानी के लिए कुल 45 चुनाव पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश