कोकराझार में मतगणना की तैयारी तेज, अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू
कोकराझार (असम), 28 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 के तहत मतगणना प्रक्रिया को सुचारु, सटीक और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कोकराझार जिले में आज से मतगणना कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया।
प्रशिक्षण सत्र कोकराझार विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक तथा माइक्रो ऑब्जर्वरों को मतगणना प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को उनकी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया।
इस अवसर पर रिटर्निंग ऑफिसर एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसरों ने भी प्रशिक्षण सत्र में भाग लिया और उपस्थित कर्मियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण का अगला चरण 2 मई को सुबह 10 बजे से इसी स्थल पर आयोजित किया जाएगा।
इससे पूर्व सोमवार को डॉ. पी उदय प्रवीण की अध्यक्षता में मतगणना तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्त, निर्वाचन अधिकारी, सहायक आयुक्त तथा सर्किल अधिकारी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में मतगणना कर्मियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम सहित अन्य तैयारियों की समीक्षा की गई।
उल्लेखनीय है कि असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान राज्यभर में एक चरण में 9 अप्रैल को संपन्न हुआ था, जबकि मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

