भारी बारिश से रेलवे पुल टूटा, आर्चीपथार–सिमेन चापरी के बीच रेल सेवा स्थगित
गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। असम के धेमाजी जिले में लगातार हो रही भारी बारिश और नदी किनारे कटाव के कारण आर्चीपथार–सिमेन चापरी रेलवे खंड पर रेल परिचालन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। कटाव से रेलवे पुल का एक पियर गिर गया है, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अनुसार, धेमाजी जिले में 110 मिमी से अधिक वर्षा के बाद आई बाढ़ से पुल के समीप नदी का बड़ा हिस्सा बह गया। वर्ष 1965 में निर्मित तथा बाद में ब्रॉडगेज में परिवर्तित इस पुल की स्थिति पहले सुरक्षित थी, लेकिन भारी कटाव के कारण इसका एक पियर प्रभावित हो गया।
रेलवे ने स्पष्ट किया कि किसी ट्रेन को नुकसान नहीं पहुंचा है और न ही कोई यात्री या कर्मचारी घायल हुआ है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए इस कम यातायात वाले रेलखंड पर पहले ही ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया था।
तिनसुकिया मंडल के अंतर्गत मुरकोंगसेलेक–सिलापाथर रेलखंड पर रेल सेवाएं अगले आदेश तक बंद रहेंगी। इस दौरान ट्रेनें केवल सिलापथार तक ही संचालित की जाएंगी। मुरकोंगसेलेक और सिलापाथर के बीच यात्रियों के लिए बस सेवा की व्यवस्था की जा रही है। धेमाजी, सिलापाथर और मुरकोंगसेलेक स्टेशनों पर सहायता केंद्र भी खोले गए हैं। रेलवे प्रशासन जिला और राज्य सरकार के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

