बारिश और भूस्खलन के बीच बदरपुर-सिलचर रेल सेवाएं सामान्य
सिलचर (असम), 16 मई (हि.स.)। असम समेत पूरे पूर्वोत्तर राज्य में लगातार भारी बारिश, तूफान तथा भूस्खलन की घटनाएं हो रही है। इसी सिलसिले में सिलचर बदरपुर रेलखंड पर भी कई स्थानों पर भूस्खलन होने की सूचना है। हालांकि, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने शनिवार को जानकारी दी कि भूस्खलन के कारण इस खंड पर रेल सेवा प्रभावित नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बदरपुर-सिलचर रेलखंड में फिलहाल बारिश या भूस्खलन के कारण किसी प्रकार का व्यवधान नहीं है और सभी ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बदरपुर के निकट पंचग्राम क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास मामूली मात्रा में मिट्टी खिसकने की घटना सामने आई थी। हालांकि रेलवे कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थल को शीघ्र साफ कर दिया, जिससे रेल परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा।
उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है तथा एहतियात के तौर पर संबंधित स्थान पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से किसी प्रकार की चिंता न करने की अपील करते हुए कहा कि इस रेलखंड में सभी ट्रेनें निर्धारित समयानुसार चल रही हैं।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

