चालक से अवैध रूप से धन वसूली करने के आरोप में पुलिसकर्मी निलंबित
गुवाहाटी, 21 जून, (हि.स.)। गुवाहाटी में चालक से अवैध रूप से धन वसूली करने के आरोप में यातायात पुलिस के जवान रेकिबुल अली को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसकी जानकारी डीसीपी ट्रैफिक जयंत सारथी बोरा ने दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेकिबुल अली ने राजेश डेका नामक एक युवक से 7,000 रुपये की मांग की थी। बताया गया है कि जब राजेश डेका ने 2,500 रुपये दिए, तभी स्थानीय लोगों ने मौके पर रेकिबुल अली को पकड़ लिया और घटना का विरोध किया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
डीसीपी ट्रैफिक जयंत सारथी बोरा ने स्पष्ट किया कि गुवाहाटी यातायात पुलिस कभी भी जुर्माने के रूप में नकद राशि नहीं लेती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई पुलिसकर्मी नकद धनराशि की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

