तामुलपुर में भारत–भूटान सीमा पर विस चुनाव के मद्देनजर आवाजाही नियंत्रित
तामुलपुर (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। आगामी 9 अप्रैल को होने वाले असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर तामुलपुर जिले में भारत–भूटान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर लोगों और वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार सभी अंतरराष्ट्रीय स्थलीय सीमा के प्रवेश और निकास मार्गों को नियंत्रित किया गया है, ताकि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके। जिला दंडाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिमी करण, आईएएस द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163(2) के तहत जारी आदेश में कहा गया है कि 6 अप्रैल की शाम 5 बजे से मतदान प्रक्रिया पूरी होने तक भारत–भूटान सीमा के मार्गों पर आवाजाही सीमित रहेगी।
इस अवधि के दौरान आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि, चिकित्सकीय आपात स्थिति में भूटान से भारत आने वाले व्यक्तियों, वैध दस्तावेजों के साथ पहले से भूटान में प्रवेश कर चुके भारतीय नागरिकों या विदेशी पर्यटकों, तथा वैध यात्रा दस्तावेजों के साथ भूटान जाने वाले पर्यटकों को छूट दी गई है।
इसके अलावा, शीघ्र खराब होने वाली आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को सीमा जांच के बाद अनुमति दी जाएगी। 43-तामुलपुर (अनुसूचित जनजाति) और 44-गोरेश्वर विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को भी वैध पहचान पत्र दिखाने पर जिले में प्रवेश की अनुमति होगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों, सुरक्षा एजेंसियों और आम जनता से इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

