home page

गुवाहाटी में सड़क हादसे में ढाई साल की बच्ची की मौत, क्षेत्र में तनाव

 | 
गुवाहाटी में सड़क हादसे में ढाई साल की बच्ची की मौत, क्षेत्र में तनाव


गुवाहाटी, 24 अप्रैल (हि.स.)। गुवाहाटी के पलटन बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ढाई साल के एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया। मृत बच्ची की शिनाख्त राहेला खातून के रूप में की गयी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिंद्रा थार वाहन की टक्कर से बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कालेज एंड अस्पताल में भेजा गया है।

पुलिस ने महिंद्रा थार वाहन के चालक की पहचान मिंटू अली के रूप में की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हादसे में शामिल वाहन पंजीयन रहित था।

इधर, घायल बच्चे की मदद के लिए रुकी एक स्विफ्ट कार के चालक दिगंबर डेका पर भी कुछ उग्र लोगों ने हमला कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने स्विफ्ट वाहन में तोड़फोड़ की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में शामिल पंजीयन रहित थार वाहन को जब्त कर लिया गया है। घटना को लेकर इलाके में अभी भी तनाव बना हुआ है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश