home page

तिपरा मोथा ने टीटीएएडीसी चुनाव में 24 सीटों पर जीत दर्ज की, चार पर सिमटी भाजपा

 | 
तिपरा मोथा ने टीटीएएडीसी चुनाव में 24 सीटों पर जीत दर्ज की, चार पर सिमटी भाजपा


अगरतला, 17 अप्रैल (हि.स.)। त्रिपुरा ट्राइबल एरियाज ऑटोनॉमस डिस्ट्रिक्ट काउंसिल (टीटीएएडीसी) चुनाव में तिपरा मोथा पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 28 में से 24 सीटों पर जीत हासिल कर प्रचंड बहुमत प्राप्त किया है। शुक्रवार को घोषित अंतिम परिणामों में यह स्पष्ट हुआ।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) केवल चार सीटों पर ही जीत दर्ज कर सकी, जबकि माकपा, कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दल इस चुनाव में कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके।

इस ऐतिहासिक जीत के बाद तिपरा मोथा के संस्थापक एवं राजपरिवार के उत्तराधिकारी प्रद्योत किशोर माणिक्य देबबर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं और विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और अपेक्षाओं का प्रतीक है। उन्होंने जिम्मेदारी, ईमानदारी और निष्पक्षता बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने चुनाव के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा के खिलाफ कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अशांति से तिपरासा और आदिवासी समाज को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि जीत-हार लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है और इससे समाज में विभाजन नहीं होना चाहिए।

उन्होंने सभी से राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि असली जीत प्रेम, एकता और सामूहिक विकास में निहित है और हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर समाज का निर्माण करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि 12 अप्रैल को हुए इस चुनाव में 28 सीटों पर 173 उम्मीदवारों ने भाग लिया था। लगभग 83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो उत्साहजनक माना जा रहा है। शुक्रवार सुबह 8 बजे से राज्य के 17 मतगणना केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मतगणना शुरू हुई। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पहले वीवीपैट पर्चियों का सत्यापन किया गया, जिसके बाद ईवीएम के माध्यम से अंतिम गणना पूरी की गई।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश