home page

अरुणाचलः होलोंगी इलाके में दिखा बाघ

 | 

इटानगर, 14 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पापूम पारे जिलांतर्गत होलोंगी इलाके में बाघ देखे जाने की खबर के बाद, बंदरदेवा वन प्रभाग ने होलोंगी-कोकिला रोड, होलोंगी-इटानगर एनएच-415 और डोनी पोलो ग्रीन एयरपोर्ट (होलोंगी) तथा बालीजान के आसपास के इलाकों में सभी तरह के दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।

यह पाबंदी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर लगाई गई है।

आज, बंदरदेवा के प्रभागीय वन अधिकारी बिरी तारंग के मार्गदर्शन में, वन विभाग के कर्मचारियों, हुतो और होलोंगी पंचायत के युवाओं ने 'गांवबूढ़ा नाबम न्यिकी के नाला' इलाके का दौरा किया। वहां उन्हें बाघ के पैरों के निशान मिले, जिससे इलाके में बाघ की मौजूदगी की पुष्टि हुई।

जांच के बाद, बिरी तरंग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को सलाह दी कि वे जंगल के किनारों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं, खासकर सुबह जल्दी और देर रात के समय। लोगों से कहा गया है कि वे बच्चों को घर के अंदर रखें, बाघ का पीछा न करें या उसे उकसाएं नहीं, और अगर बाघ दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

उन्होंने यह भी बताया कि अभी तक इलाके में किसी जानवर (जैसे मिथुन, गाय आदि) के मारे जाने की कोई खबर नहीं मिली है। उन्होंने लोगों से फिर अपील की कि वे बाघ को उकसाने की कोशिश न करें।

इस बीच, बंदरदेवा वन प्रभाग के प्रभागीय वन अधिकारी द्वारा जारी एडवाइजरी में लोगों से सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने और इंसानों तथा वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है।

वन विभाग ने यह एडवाइजरी स्थानीय लोगों और होलोंगी/हुटो पंचायत के युवाओं की शिकायतों के आधार पर जारी की है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी