जन्मदिन मनाने गए तीन युवकों की तालाब में डूबने से मौत
जोरहाट (असम), 29 अगस्त (हि.स.)। असम के जोरहाट जिले के चिनामरा चाय बागान में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में तीन युवकों-किशोरों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान अक्षत कुमार रॉय, सुशांत पटेल और रेहान के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, जोरहाट के फांसीआली इलाके से करीब 10-12 युवकों और किशोरों का दल जन्मदिन की पार्टी मनाने चिनामरा चाय बागान पहुंचा था। पार्टी के बाद कुछ युवकों के तालाब में उतरने की आशंका जताई जा रही है। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में डूब गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी देर तक तलाश अभियान चलाने के बाद एसडीआरएफ की टीम ने तीनों के शव तालाब से बरामद किए। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

