बजाली में तीन संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को लोगों ने पकड़ा
बजाली (असम), 07 जून (हि.स.)। असम के बजाली जिले में तीन संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस अधिकारियों के हवाले कर दिया। यह घटना पाठशाला के वार्ड संख्या-2 में सामने आई है।
पुलिस ने आज बताया कि स्थानीय लोगों को तीनों व्यक्तियों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्हें रोककर पूछताछ की गई। बाद में लोगों ने उन्हें अपने कब्जे में लेकर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी।
स्थानीय स्तर पर हुई प्रारंभिक पूछताछ के दौरान तीनों ने कथित रूप से बताया कि वे काम की तलाश में आए हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रोजगार के लिए अन्य लोग भी इसी प्रकार आते हैं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों द्वारा तीनों की पहचान, नागरिकता और भारत में प्रवेश से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

