काजीरंगा हादसे में तीन सगी बहनों की मौत से परिवार में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम
गोलाघाट (असम), 14 नवंबर (हि.स.)। असम के काजीरंगा में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली हैं। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार की तीन बेटियों ज्योति माझी, लक्ष्मी माझी और दर्पना माझी की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। तीनों बहनों की असमय मौत से उनके घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जिस घर में कभी तीनों बहनों की हंसी और चहचहाहट गूंजती थी, वहां अब केवल सिसकियां और मातम पसरा हुआ है। तीन बेटियों को एक साथ खोने का दर्द परिवार के लिए असहनीय बन गया है। इस हृदयविदारक घटना ने न केवल उनके परिजनों को तोड़कर रख दिया है, बल्कि पूरे गांव को भी गहरे शोक में डुबो दिया है।
मृतक ज्योति माझी, लक्ष्मी माझी और दर्पना माझी काजीरंगा नेशनल पार्क हाई स्कूल की छात्राएं थीं। तीनों के सामने अभी पूरी जिंदगी पड़ी थी। उनके भी सपने थे, भविष्य को लेकर उम्मीदें थीं और परिवार को उनसे बहुत कुछ हासिल करने की आशा थी। लेकिन एक भयावह सड़क हादसे ने तीनों की जिंदगी छीन ली और परिवार के सपनों को हमेशा के लिए बिखेर दिया।
तीनों बहनों की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों और परिचितों की आंखें भी नम हैं। हर कोई इस सवाल से स्तब्ध है कि आखिर एक ही परिवार की तीन बेटियों को एक साथ खोने का यह असहनीय दुख उनके परिजन कैसे सह पाएंगे।
आज इस परिवार के आंगन में तीन बेटियों की यादें तो हैं, लेकिन उनकी आवाजें हमेशा के लिए खामोश हो गई हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

