रूपहीहाट में भीड़ की पिटाई से तीन डकैतों की मौत, क्षेत्र में तनाव
नगांव (असम), 06 अप्रैल (हि.स.)। नगांव जिलांतर्गत रूपहीहाट के नंबर 1 काठपारा इलाके में रविवार की रात उस समय तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई, जब स्थानीय लोगों की पिटाई से तीन संदिग्ध डकैतों की मौत हो गई।
सोमवार को प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 10–12 डकैतों का एक समूह मुझ्जामेल नामक व्यक्ति के घर में डकैती के इरादे से घुसा था। डकैतों को देखकर परिवार के लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों को आता देख डकैत भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर चार डकैतों को पकड़ लिया। पकड़े गए डकैतों की भीड़ ने जमकर पिटाई की और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए नगांव मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां तीन डकैतों की मौत हो गई। डकैतों की पहचान आंशिक रूप से हो पाई है।
घटना को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

