home page

मणिपुर में हथियारों के साथ तीन उग्रवादी गिरफ्तार

 | 
मणिपुर में हथियारों के साथ तीन उग्रवादी गिरफ्तार


इंफाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मणिपुर में संयुक्त सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए एक अभियान में हथियारों के साथ तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है।

मणिपुर पुलिस ने बुधवार को बताया कि मणिपुर पुलिस और सीआरपीएफ के संयुक्त सुरक्षा बलों (एसएफ) ने एनआईए द्वारा साझा की गई खुफिया जानकारी के आधार पर न्यू कांगपोकपी जिले के कीथेलमंबी थानाक्षेत्र के एल हेंगजोल गांव में एक अभियान शुरू किया। इस दौरान एसएफ और सशस्त्र उग्रवादियों के बीच गोलीबारी हुई।

इस दौरान एक भूमिगत संगठन के तीन कैडरों- थांगजोएल हाओकिप उर्फ थांगबोई, जंगजौलेन खोंगसाई उर्फ गौलेन और जंगमिनलुन सिंगसन उर्फ फ्रैंकी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार व्यक्तियों पर हाल के दिनों की विभिन्न आपराधिक घटनाओं में शामिल होने का संदेह है।

अभियान में दो एके राइफल, एक एमए1 एमके-3 राइफल, एक एसबीबीएल और 1,382 राउंड मिश्रित कारतूस बरामद किया गया। गिरफ्तार व्यक्तियों और जब्त हथियारों और कारतूस को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए एनआईए को सौंप दिया गया है।

पुलिस ने कहा कि सुरक्षा बलों ने अभियान के दौरान अधिकतम् संयम बरता। जब सशस्त्र उग्रवादियों ने उन पर गोलियां चलाईं और नागरिकों ने उन्हें रोका तो उन्होंने आत्मरक्षा में कार्रवाई की।

अभियानों के संचालन के बारे में कई बेबुनियाद आरोप और भड़काऊ संदेश सोशल मीडिया में चल रहे हैं। अपील की गई है कि ऐसे फर्जी संदेशों का प्रचार-प्रसार बंद किया जाए। सुरक्षा बलों पर ऐसे बेबुनियाद आरोप लगाने और सोशल मीडिया पर लोगों को गलत तरीके से भड़काने पर कानूनी कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश / अरविन्द राय