home page

फर्जी जीएसटी/आईटीसी घोटाला: एसटीएफ असम ने कोलकाता से तीन और आरोपितों को दबोचा, कुल गिरफ्तारियां 12

 | 
फर्जी जीएसटी/आईटीसी घोटाला: एसटीएफ असम ने कोलकाता से तीन और आरोपितों को दबोचा, कुल गिरफ्तारियां 12


गुवाहाटी, 06 अगस्त (हि.स.)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), असम ने फर्जी जीएसटी और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) घोटाले के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए पश्चिम बंगाल के कोलकाता से तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार आरोपितों की कुल संख्या 12 हो गई है।

एसटीएफ द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, 02 अगस्त को कोलकाता के तिलजला इलाके से विवेक कुमार गुप्ता और सूरजीत बर्मन को एसटीएफ थाना कांड संख्या 05/2026 के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 04 अगस्त को एसटीएफ थाना कांड संख्या 02/2026 में मुख्य आरोपित विनीत कुमार पोद्दार को कोलकाता के कैखाली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।

कार्रवाई के दौरान आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, सिम कार्ड तथा कई आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद कर जब्त किए गए। सक्षम न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद तीनों आरोपितों को बुधवार रात गुवाहाटी लाया गया।

गिरफ्तार आरोपितों में विनीत कुमार पोद्दार और विवेक कुमार गुप्ता कोलकाता के निवासी हैं, जबकि सूरजीत बर्मन असम के बाक्सा जिले के बरमा का रहने वाला है और गिरफ्तारी से बचने के लिए कोलकाता में छिपा हुआ था।

एसटीएफ ने बताया कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश