तीन और आरोपित नकली भारतीय मुद्रा तस्करी मामले में गिरफ्तार
गुवाहाटी, 09 जुलाई (हि.स.)। नकली भारतीय मुद्रा (एफआईसीएन) के प्रसार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुवाहाटी पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल करते हुए इस मामले में तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
असम पुलिस मुख्यालय द्वारा आज दी गयी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, दिसपुर थाना कांड संख्या 467/2026, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 178, 179, 180 एवं 61(2) के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान उत्तर लखीमपुर जिले से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहघुली निवासी मोहम्मद हेजबुर रहमान (37), बिहपुरिया थाना क्षेत्र के नंबर-2 इस्लामपुर निवासी मोहम्मद मिजानुर रहमान उर्फ मिजू (36) तथा मोहघुली निवासी मोहम्मद एकरामुल इस्लाम (26) के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि नकली नोटों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

