गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत तीन नाबालिग लड़कियां बचाई गईं
गुवाहाटी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। असम के चराईदेव जिले की तीन नाबालिग लड़कियों को रविवार को गुवाहाटी रेलवे स्टेशन से सुरक्षित बचाया गया। रेलवे कर्मियों ने ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत यह कार्रवाई की। बताया गया है कि तीनों लड़कियां अपने माता-पिता को बिना बताए शहर घूमने के लिए गुवाहाटी पहुंची थीं।
रेलवे की अपराध रोकथाम एवं पहचान टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या चार से तीनों लड़कियों को बचाया। अभियान का नेतृत्व उपनिरीक्षक आरके दूबे ने अन्य रेलवे कर्मियों के साथ किया। लड़कियों की उम्र 15, 16 और 17 वर्ष बताई गई है।
पूछताछ के दौरान लड़कियों ने कथित तौर पर रेलवे कर्मियों को बताया कि वे अपने माता-पिता को सूचित किए बिना घर से निकली थीं और शहर घूमने के उद्देश्य से गुवाहाटी आई थीं।
बचाई गई लड़कियों में 16 और 15 वर्ष की सगी बहनें हैं तथा 17 वर्ष की एक अन्य के रूप में हुई है। तीनों असम के चराईदेव जिले में बोरहाट पुलिस थाने के अंतर्गत लूहोलिया की निवासी हैं।
रेलवे कर्मियों ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रेलवे चाइल्डलाइन, गुवाहाटी के माध्यम से तीनों लड़कियों को कामरूप महानगर की बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष के सुपुर्द कर दिया। आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए उन्हें सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते रेलवे की एक पहल है, जिसका उद्देश्य रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में देखभाल एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित बचाना है। इसके तहत ऐसे बच्चों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और संबंधित बाल कल्याण अधिकारियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

