असमः कछार में 28 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त, तीन तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 03 अगस्त (हि.स.)। असम के कछार जिले में लखीपुर थाना क्षेत्र के मोतीनगर स्थित भुबन पहाड़ियों की तलहटी में 38वीं असम राइफल्स और पुलिस के संयुक्त अभियान में आज भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद किए गए। अभियान के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
बरामद सामग्री में 1,10,000 याबा टैबलेट (लगभग 14 किलोग्राम) तथा 10 साबुनदानी में छिपाकर रखा गया 223 ग्राम हेरोइन शामिल है। जांच में दोनों मादक पदार्थों की पुष्टि हुई है। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 28 करोड़ रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मायाजुल हक (23), स्टेलमोन (19) और नूर हुसैन (32) के रूप में हुई है। तीनों कछार जिले के निवासी हैं।
पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

