मणिपुर में तीन मादक पदार्थ तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद
इंफाल, 21 फरवरी (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने बीते 24 घंटे में अलग-अलग अभियानों में तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में मादक पदार्थ, वाहन तथा अन्य सामान बरामद किया।
पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि पहले अभियान में इंफाल पूर्व जिले के हेंगांग थाना क्षेत्र अंतर्गत खुमिदोक मस्जिद मानिंग निवासी मोहम्मद वारिश खान (28) को प्रतिबंधित डब्ल्यूवाई टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक काले रंग का तीन पहिया ऑटो (एएस-01एनसी-0846) तथा 550 ग्राम वजनी डब्ल्यूवाई टैबलेट बरामद की गई।
तीसरे अभियान में सुरक्षा बलों ने सेनापति जिले के सेनापति थाना अंतर्गत टी. खुल्लेन नाका चेक प्वाइंट पर एक चार पहिया वाहन को रोका। जांच के दौरान काकचिंग जिले के इरोंग चेसाबा मयाई लीकाई निवासी रहीश खान (22) और मुस्तकीम अहमद (23) को गिरफ्तार किया गया।
उनके कब्जे से 48 साबुनदानी में छिपाकर रखा गया 660 ग्राम ब्राउन शुगर, एक हुंडई आई-20 कार (एएस-01एपी-0631), दो मोबाइल फोन तथा दो आधार कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

