home page

नगांव में पुलिस का बड़ा ड्रग्स विरोधी अभियान, तीन तस्कर गिरफ्तार

 | 
नगांव में पुलिस का बड़ा ड्रग्स विरोधी अभियान, तीन तस्कर गिरफ्तार


नगांव (असम), 18 जून (हि.स.)। नगांव जिले में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान इनामुल हक, इलियास अहमद और नजरुल इस्लाम के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपित सिलचर से नगांव जिले के जुरिया क्षेत्र तक भारी मात्रा में प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर आ रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली और 68 साबुनदानी में छिपाकर रखे गए मादक पदार्थ बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए चारपहिया वाहन का उपयोग किया था, लेकिन उस पर मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट लगाया गया था।

बरामद मादक पदार्थ को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की जा रही है तथा ड्रग्स के स्रोत और इसके पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने बताया कि राज्य में चलाए जा रहे ड्रग्स विरोधी अभियान के तहत यह एक महत्वपूर्ण सफलता है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश