home page

असम-मेघालय सीमा पर निर्माण को लेकर तीन हिरासत में

 | 
असम-मेघालय सीमा पर निर्माण को लेकर तीन हिरासत में


गुवाहाटी, 10 सितंबर (हि.स.)। असम के बोको क्षेत्र के नोआपाड़ा में असम-मेघालय अंतरराज्यीय सीमा के निकट कथित रूप से स्कूल निर्माण का प्रयास किए जाने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मामले में तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

घटना बुधवार को नोआपाड़ा में हुई, जो असम-मेघालय सीमा से करीब 6-7 किलोमीटर दूर है। हिरासत में लिए गए लोगों की पहचान डिबानस्टार रिनजाह (25), जोसेफ नोंगमिन (26) और सिनशारलांग नोंगस्पोंग (30) के रूप में हुई है।

निर्माण गतिविधि की सूचना मिलने के बाद बोको पुलिस ने तीनों को थाने लाकर पूछताछ की। इसके बाद असम प्रशासन ने मौके पर चल रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया।

बोको-छयगांव सह-जिला आयुक्त प्रियंशु भारद्वाज, राजस्व अधिकारी कृष्ण अर्जुन बर्मन तथा अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बोको-छयगांव सह-जिला पुलिस अधीक्षक जंकिशोर गोगोई के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया।

निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों में भी चिंता देखी गई। इस बीच, मेघालय पुलिस द्वारा असम विद्युत विभाग के कर्मचारी नेंगग्राम संगमा को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है। इससे दोनों राज्यों के बीच सीमा क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया।

हालांकि, दोनों राज्यों की पुलिस ने हिरासत में लिए गए सभी लोगों को बाद में रिहा कर दिया।

असम और मेघालय के बीच लंबे समय से सीमा संबंधी संवेदनशीलता बनी हुई है। अंतरराज्यीय सीमा से लगे इलाकों में क्षेत्रीय दावों को लेकर समय-समय पर तनाव की स्थिति उत्पन्न होती रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश