मणिपुर के कांगपोकपी में तीन गिरफ्तार, रॉकेट लॉन्चर और स्वचालित राइफलें बरामद
इंफाल, 20 अक्टूबर (हि.स.)। मणिपुर के कांगपोकपी जिले के फाइलेनकोट में मंगलवार को सुरक्षा बलों ने अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया तथा कई रॉकेट लॉन्चर और स्वचालित राइफलें बरामद कीं। खोंगबान सुनुरोक उयोक में लकड़ी एकत्र करने गए लोगों पर हुए घातक हमले के बाद राज्य में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हो गए थे। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने संबंधित इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया है।
इंफाल पूर्वी जिले के पुलिस कमांडो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों के साथ मिलकर अभियान चला रहे हैं। सुरक्षा बल हमले में शामिल लोगों का पता लगाने और क्षेत्र में सुरक्षा मजबूत करने के प्रयास कर रहे हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान और बरामद हथियारों के संबंध में अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी अभी नहीं दी गई है। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

