गुवाहाटी में चोरी के दो मामलों में तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी, 22 अक्टूबर (हि.स.)। गुवाहाटी के हाथीगांव थाना क्षेत्र में चोरी के दो अलग-अलग मामलों में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक दंपति भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, एक मामले में ट्रक से बैटरी चोरी करने का आरोप है, जबकि दूसरे मामले में एक शॉपिंग मॉल से कपड़े चोरी करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, हाथीगांव थाना केस संख्या 241/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 303(2) में दर्ज मामले में रात्रि गश्ती दल ने राजीब अहमद (26) को गिरफ्तार किया। आरोप है कि वह एएस 01 एफसी 9235 नंबर के एक ट्रक से चोरी की गई बैटरी लेकर भागने का प्रयास कर रहा था। वह कामरूप महानगर जिले के हाथीगांव थाना क्षेत्र के नोटबोमा हाउसफेड इलाके का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
वहीं, हाथीगांव थाना केस संख्या 244/2026 के तहत पुलिस ने सरीना खातून (28) और उसके पति काजी जाहिदुल इस्लाम (25) को गिरफ्तार किया। दोनों पर बेलतला सर्वे स्थित पैंटालून्स शॉपिंग मॉल से कपड़े चोरी करने का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए रिमांड की प्रक्रिया पूरी की।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

