मणिपुर में तीन गिरफ्तार, मादक पदार्थ व मोबाइल फोन बरामद
इंफाल, 19 मार्च (हि.स.)। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीते 24 घंटे में चलाए गए अलग-अलग अभियानों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें प्रतिबंधित संगठन के दो कैडर भी शामिल हैं। आरोपितों के पास से मादक पदार्थ और अन्य सामग्री बरामद की गई है।
पहले अभियान में मणिपुर पुलिस ने सेनापति जिले के कांगपोकपी थाना क्षेत्र के तोरीबारी गांव निवासी अनिल गौतम (34) को बिष्णुपुर जिले के फौगाकचाओ इखाई थाना के नाका चेक प्वाइंट से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 1.5 किलोग्राम अफीम, एक तीन पहिया ऑटो-रिक्शा, एक बैकपैक, एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।
एक अन्य अभियान में सुरक्षा बलों ने उगाही में संलिप्त प्रतिबंधित केसीपी (पीडब्ल्यूजी) संगठन के कैडर मोइरांगथेम जितेन सिंह उर्फ नानाओ (46) को इंफाल पूर्व जिले के कोंगबा लाइश्रम लेइकाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
इसी तरह एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने केसीपी (पीडब्ल्यूजी) की सक्रिय महिला कैडर थोकचोम देवरानी देवी (43) को इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के कोंगबा माखा उचेकॉन स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

