(अपडेट) गुवाहाटी में 148 ग्राम संदिग्ध हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार, कार और चार मोबाइल फोन जब्त
गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के अहोमगांव इलाके में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गरचुक थाना पुलिस और पश्चिम गुवाहाटी पुलिस जिला (डब्ल्यूजीपीडी) की एसओजी टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त अभियान चलाकर तीनों को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मणिपुर के काकचिंग जिले के थौबल थाना क्षेत्र के सोरा निवासी हिम्मत खान (30), मणिपुर के बिष्णुपुर जिले के मोइरांग थाना क्षेत्र के क्वाकता निवासी मोहम्मद अचौबा (35) और कामरूप जिले के हाजो थाना क्षेत्र के मुस्लिमपट्टी निवासी मन्नान अहमद (32) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से संदिग्ध हेरोइन से भरे चार साबुनदानी बरामद किए। इनका कुल वजन पैकिंग सामग्री सहित 166.05 ग्राम और साबुनदानी को छोड़कर पैकिंग सामग्री सहित 148 ग्राम पाया गया।
इसके अलावा, पुलिस ने क्षतिग्रस्त अगले हिस्से वाली सफेद रंग की एक ऑल्टो 800 कार (एएस-01-एचसी-2899) और चार मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। इनमें एक इनफिनिक्स 5जी, एक क्षतिग्रस्त रियलमी और एक पोवा मोबाइल फोन शामिल हैं। मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

