home page

कछार में 8,000 याबा टैबलेट और संदिग्ध हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार

 | 
कछार में 8,000 याबा टैबलेट और संदिग्ध हेरोइन के साथ तीन गिरफ्तार


सिलचर (असम), 28 जुलाई (हि.स.)। असम के कछार जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 8,000 याबा टैबलेट और संदिग्ध हेरोइन बरामद कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

कछार पुलिस अधीक्षक द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुलिस को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी की गुप्त सूचना मिलने के बाद एनएच-37 पर बांसकांडी पुलिस चौकी के अंतर्गत उजान तारापुर में नाका लगाया गया। इस दौरान बांसकांडी से पैलापूल की ओर जा रही एक ऑल्टो के-10 कार (पंजीकरण संख्या एएस-11एम-6105) को रोककर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने 850 ग्राम वजन की 8,000 याबा टैबलेट, 93.3 ग्राम वजन की संदिग्ध हेरोइन के चार पैकेट, तीन मोबाइल फोन तथा तस्करी में प्रयुक्त कार जब्त की।

ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में बरामद सामग्री याबा और हेरोइन पाई गई। वाहन में सवार तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मादक पदार्थों के स्रोत एवं गंतव्य का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश