गुवाहाटी के अपार्टमेंट में लाखों के सोने और नकदी की चोरी
गुवाहाटी, 10 अगस्त (हि.स.)। गुवाहाटी के बेलतला, बशिष्ठपुर स्थित बद्रीनाथ अपार्टमेंट में चोरों ने एक फ्लैट में घुसकर चार लाख रुपये से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोरी की पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार को देवलीना हजारिका का परिवार जोरहाट स्थित अपने घर गया था। घर में किसी के नहीं होने का फायदा उठाकर तीन चोर अपार्टमेंट की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और तीसरी मंजिल स्थित फ्लैट संख्या 3सी का दरवाजा तोड़कर चोरी की।
चोरों ने अलमारी तोड़कर सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ किया। घटना के समय अपार्टमेंट का सुरक्षा गार्ड सो रहा था। सोमवार सुबह परिवार के लौटने पर चोरी का पता चला।
घटना की सूचना मिलने के बाद हाथीगांव पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

