तेंगाखाट ऑयल विस्फोट में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हुई, एक और घायल ने दम तोड़ा
डिब्रूगढ़ (असम), 10 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के तेंगाखाट में ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के प्रतिष्ठान में हुए विस्फोट और आग की घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मंगलवार को डिब्रूगढ़ के एक अस्पताल में गंभीर रूप से घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक उन कर्मचारियों में शामिल था, जो छह नवंबर को ऑयल इंडिया लिमिटेड के इंटीग्रेटेड टैंक फार्म (आईटीएफ) परिसर में हुए विस्फोट के बाद लगी आग में गंभीर रूप से झुलस गए थे।
इस घटना में इससे पहले चार लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई गई थी।
इस बीच, विस्फोट के कारणों की जांच जारी है। ऑयल इंडिया लिमिटेड, खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) और जिला प्रशासन घटना की परिस्थितियों की जांच कर रहे हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

