home page

टेंगाखात आईटीएफ अग्निकांड: गंभीर रूप से घायल इंद्र गोगोई एयर एंबुलेंस से दिल्ली रवाना

 | 
टेंगाखात आईटीएफ अग्निकांड: गंभीर रूप से घायल इंद्र गोगोई एयर एंबुलेंस से दिल्ली रवाना


डिब्रूगढ़ (असम), 09 नवंबर (हि.स.)। असम के डिब्रूगढ़ जिले के टेंगाखात स्थित ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) के इंटरमीडिएट टैंक फार्म (आईटीएफ) में हुए भीषण अग्निकांड में गंभीर रूप से घायल इंद्र गोगोई को सोमवार को बेहतर उपचार के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाया गया।

गोगोई का डिब्रूगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। अग्निकांड में उनके शरीर का लगभग 20 फीसदी हिस्सा झुलस गया था। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उन्नत चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दिल्ली स्थानांतरित किया गया।

उल्लेखनीय है कि 6 नवंबर को ओआईएल के टेंगाखात स्थित आईटीएफ परिसर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई थी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों में अब तक चार की मौत हो चुकी है।

मृतकों की पहचान राजू दत्ता, रूपम गोगोई, तापस ज्योति गोगोई और सैलेन गोगोई के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य घायल श्रमिकों का भी डिब्रूगढ़ के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में उपचार जारी है।

घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ऑयल इंडिया लिमिटेड ने आंतरिक जांच शुरू की है। इसके अलावा खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) और जिला प्रशासन भी अलग-अलग स्तर पर जांच कर रहे हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश