home page

गदाधर नदी में डूबने से एक किशोरी की मौत

 | 
गदाधर नदी में डूबने से एक किशोरी की मौत


धुबड़ी (असम), 24 जुलाई (हि.स.)। धुबड़ी शहर के मेला घाट स्थित गदाधर नदी में शुक्रवार सुबह डूबने से 17 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान अक्षरा गोवाला के रूप में हुई है। वह शिशुपाठशाला हायर सेकेंडरी स्कूल में हायर सेकेंडरी प्रथम वर्ष की छात्रा थी और स्थानीय व्यवसायी रामचंद्र गोवाला की पुत्री थी।

परिजनों के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। बताया गया कि अक्षरा वार्ड संख्या-1 स्थित अपने घर के समीप बहने वाली गदाधर नदी के किनारे गई थी। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई। देखते ही देखते वह तेज बहाव में डूब गई।

घटना की सूचना मिलते ही उसके पिता के यहां कार्यरत कुछ लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और छात्रा की तलाश में नदी में उतर गए। बाद में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया।

करीब डेढ़ घंटे तक चले अभियान के बाद सुबह लगभग 11:20 बजे एसडीआरएफ की टीम ने नदी से अक्षरा का शव बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय