चाय श्रमिकों की जमीन छीनने का आरोप पूरी तरह झूठा और निराधार : धीराज गोवाला
गोलाघाट (असम), 13 जुलाई (हि.स.)। तिताबर के भाजपा विधायक धीराज गोवाला ने चाय श्रमिकों की जमीन छीने जाने के आरोपों को पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है। उन्होंने कहा कि जिस सरकार ने 3.5 लाख चाय श्रमिक परिवारों को भूमि पट्टा प्रदान किया है, उस सरकार पर जमीन छीनने का आरोप लगाना तथ्यों से परे है।
काजीरंगा में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में आज गोवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा द्वारा चाय जनजाति के कल्याण और विकास के लिए किए जा रहे कार्यों से विपक्ष बौखला गया है। इसी कारण कुछ लोग सरकार को बदनाम करने और राजनीतिक रूप से घेरने के लिए सुनियोजित साजिश रच रहे हैं।
उन्होंने कहा कि काजीरंगा में प्रस्तावित पांच सितारा हयात होटल और चाय जनजाति सांस्कृतिक कलाक्षेत्र के निर्माण को लेकर भी कुछ तत्व जानबूझकर भ्रम फैलाकर सरकार को कटघरे में खड़ा करने का प्रयास कर रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

