अरुणाचलः 10वीं के नतीजों में तवांग पहले स्थान पर, खांडू ने दी शुभकामनाएं
इटानगर, 23 अप्रैल (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के 10वीं के घोषित परीक्षा परिणामों में राज्य के 28 जिलों में से तवांग जिला 89.97 प्रतिशत के साथ पहले स्थान पर रहा। मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन प्राप्त करने पर तवांग जिला को अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
सोशल मीडिया पर गुरुवार को अपने एक पोस्ट में मुख्यमंत्री खांडू ने कहा कि यह उपलब्धि हमारे छात्रों के अथक समर्पण, शिक्षकों की अटूट प्रतिबद्धता और युवा प्रतिभाओं के पोषण और उत्कृष्टता की संस्कृति के निर्माण में स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग के मजबूत सहयोग को दर्शाती है। आशा है कि यह सफलता अरुणाचल प्रदेश के बाकी हिस्सों को भी प्रेरित करेगा और नए मानक स्थापित करेगा।
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी जिलावार परिणाम पत्रक के अनुसार, तवांग जिला ने राज्य में सबसे अधिक सफलता दर दर्ज की है, जो सीमावर्ती जिले में छात्रों, शिक्षकों, विद्यालय प्रशासकों और शिक्षा अधिकारियों की कड़ी मेहनत और समर्पण को दर्शाती है।
तवांग के बाद कामले जिला दूसरे स्थान पर रहा, जिसने 82.13% अंक प्राप्त किए, जबकि ऊपरी सुबनसिरी जिला 73.88% अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
इस वर्ष एआईएसएस कक्षा 10वीं की परीक्षा में अरुणाचल प्रदेश का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 61.48 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में लगातार वृद्धि को दर्शाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

