home page

(अपडेट) सेवा संकल्प अभियान में मंत्री विश्वजीत दैमारी ने लिया हिस्सा

 | 
(अपडेट) सेवा संकल्प अभियान में मंत्री विश्वजीत दैमारी ने लिया हिस्सा


तामुलपुर (असम), 05 अक्टूबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को स्मरणीय बनाने के उद्देश्य से असम सरकार द्वारा आयोजित एक माह लंबे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सोमवार को तामुलपुर विकास खंड के तामुलपुर आंचलिक दुर्गा मंदिर परिसर में विशेष सेवा शिविर आयोजित किया गया। इसमें असम सरकार के हथकरघा, वस्त्र एवं रेशम उद्योग तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वजीत दैमारी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे इस अभियान का उद्देश्य जनसेवा, जनकल्याण और नागरिक-केंद्रित सुशासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को मजबूत करने के साथ सरकारी सेवाओं को लोगों तक तेजी से पहुंचाना है।

शिविर में अरुणोदय, पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, आयुष्मान भारत, राशन कार्ड एवं खाद्य सुरक्षा, पीएम आवास योजना (ग्रामीण), जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, पीएम सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, ई-श्रम, श्रमिक कल्याण योजनाओं, हर घर जल (जल जीवन मिशन) और पीएम सूर्य घर योजना समेत विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर मंत्री दैमारी ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और जनसेवाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

कार्यक्रम में तामुलपुर की जिला आयुक्त सिमी करण, अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमाश्री खनिकर, डीआरडीए के प्रभारी परियोजना निदेशक गोविंद राभा, तामुलपुर सदर थाना के प्रभारी अधिकारी हस्थाइसुला ब्रह्म सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश