तामुलपुर में मनाया गया विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
तामुलपुर (असम), 14 अगस्त (हि.स.)। देश विभाजन के दौरान हुई हिंसा, पीड़ा और बलिदान को याद करते हुए तामुलपुर जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ मनाया गया।
तामुलपुर जिला आयुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला आयुक्त सिमी करण, आईएएस के अलावा जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न विभागों के प्रमुख मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विभाजन के दौरान जान गंवाने और पीड़ित हुए लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई।
जिले के विभिन्न विलेज काउंसिल डेवलपमेंट कमेटी (वीसीडीसी) में भी विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया गया। स्थानीय प्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों ने कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर विभाजन की त्रासदी और इससे प्रभावित लोगों के त्याग एवं पीड़ा को याद किया।
उल्लेखनीय है कि विभाजन के दौरान हुई हिंसा और इससे प्रभावित लोगों के बलिदान एवं पीड़ा को स्मरण करने के लिए हर वर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर देश की एकता, शांति, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया जाता है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

