home page

अडाणी एयरपोर्ट्स-आईएचसीएल साझेदारी के तहत गुवाहाटी में खुलेंगे ताज, गेटवे और जिंजर होटल

 | 
अडाणी एयरपोर्ट्स-आईएचसीएल साझेदारी के तहत गुवाहाटी में खुलेंगे ताज, गेटवे और जिंजर होटल


गुवाहाटी, 30 अक्टूबर (हि.स.)। असम में आतिथ्य और पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गुवाहाटी में ताज, गेटवे और जिंजर जैसे तीन प्रमुख होटल ब्रांड अपनी उपस्थिति दर्ज कराने जा रहे हैं। ये होटल अडाणी एयरपोर्ट्स और इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) के बीच हुई नई साझेदारी के तहत विकसित किए जाएंगे।

असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बड़े ब्रांड बड़े अवसरों की तलाश में आते हैं और अब तेजी से असम की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल राज्य में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या, पर्यटन के विस्तार, व्यावसायिक गतिविधियों में वृद्धि और निवेशकों के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है।

उन्होंने इसे विमानन केंद्र के रूप में गुवाहाटी के बढ़ते महत्व के प्रति विश्वास का एक और प्रमाण बताया।

इस साझेदारी से गुवाहाटी में आतिथ्य सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही पर्यटकों, व्यावसायिक यात्रियों और अन्य आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश