home page

कोकराझार में एसवीईईपी अभियान को नई गति: शुभंकरों का शुभारंभ, जागरूकता वाहन रवाना

 | 
कोकराझार में एसवीईईपी अभियान को नई गति: शुभंकरों का शुभारंभ, जागरूकता वाहन रवाना


-विश्व जल दिवस पर “जन भागीदारी, मतदाता शक्ति” कार्यक्रम का आयोजन

कोकराझार (असम), 22 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए कोकराझार जिला प्रशासन द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान (एसवीईईपी) के अंतर्गत आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त पी. उदय प्रवीण ने कोकराझार जिले के एसवीईईपी शुभंकर “द्विमालु” और “सिखिरी” का उद्घाटन किया तथा “जल्दी वोट दें, पक्का वोट दें” थीम पर आधारित जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस पहल का उद्देश्य मतदाताओं में समय पर मतदान करने की आदत को बढ़ावा देना और कम मतदान प्रतिशत की समस्या को दूर करना है। प्रशासन द्वारा मतदाताओं से अपील की जा रही है कि वे मतदान केंद्रों पर समय से पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें।

यह कार्यक्रम बोडोलैंड विश्वविद्यालय में आयोजित किया गया, जहां जिला निर्वाचन अधिकारी ने मास्टर ट्रेनर्स, जोनल अधिकारियों, सेक्टर अधिकारियों एवं प्रिसाइडिंग अधिकारियों के साथ एक संवाद सत्र भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर निर्वाचन अधिकारी केशवानंद तैद, रिटर्निंग ऑफिसर्स, सहायक रिटर्निंग ऑफिसर्स तथा जिला प्रशासन के अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इसी दिन विश्व जल दिवस के अवसर पर एसवीईईपी कार्यक्रम के तहत “जन भागीदारी, मतदाता शक्ति” थीम के साथ जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसका उद्देश्य सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देना और मतदाता जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।

एसवीईईपी शुभंकरों के शुभारंभ, जागरूकता वाहन के प्रस्थान और विश्व जल दिवस के आयोजन के माध्यम से जिला प्रशासन ने मतदाताओं को जागरूक, जिम्मेदार और उत्साही भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। यह पहल लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त करने और अधिक से अधिक मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा