लेले की मौत मामले में 50 से अधिक बयान दर्ज
इटानगर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के पापुम पारे ज़िले के दोईमुख स्थित डॉन बॉस्को स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा तारह केके लेले की मौत के मामले में 50 से ज़्यादा बयान दर्ज किए गए हैं और पुलिस घटना से जुड़े हालात की जांच कर रही है।
पापुम पारे के पुलिस अधीक्षक तारू गुसार ने आज यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोईमुख पुलिस स्टेशन केस नंबर 110/2026 के सिलसिले में छात्रों, स्कूल के स्टाफ सदस्यों, रिश्तेदारों और अन्य लोगों के बयान दर्ज किए गए हैं।
लेले बीते 22 सितंबर को अपने हॉस्टल के बाहर बेहोश हालत में मिली थीं। उसे तुरंत टोमो रिबा इंस्टीट्यूट ऑफ़ हेल्थ एंड मेडिकल साइंसेज ले जाया गया, जहां बाद में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
गुसार ने कहा कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और उन्हें पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। उन्होंने बताया कि रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा को लगी चोटें चौथी मंज़िल से गिरने जैसी थीं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि छात्रा को अंदरूनी चोटें आई थीं, जिनमें पेट में चोट और ब्लीडिंग (रक्तस्राव) शामिल थी, जिसके कारण अचानक शॉक लगा और मौत हो गई। उन्होंने कहा कि चोटों की प्रकृति से पता चलता है कि जहां वह मिली थीं, वहां खून क्यों नहीं दिखा।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के दौरान लिए गए सैंपल फॉरेंसिक जांच के लिए कोलकाता भेजे गए हैं। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी ज़ब्त कर लिया है और उसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा है।
गुसार ने कहा कि घटना के समय सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डीवीआर और घटना से पहले का कोई भी उपलब्ध फुटेज ज़रूरी जानकारी का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले में गिरफ़्तार किए गए आठ लोग अभी न्यायिक हिरासत में हैं।
इस मामले की जांच दोईमुख के डीएसपी नबम रिकम की अगुवाई वाली स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम कर रही है। इस बीच, लेले का परिवार लगातार न्याय और उसकी मौत की पूरी जांच की मांग कर रहा है। परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और समर्थकों ने हाल ही में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर डॉन बॉस्को स्कूल में कैंडल लाइट मार्च निकाला था।
गुस्सार ने कहा कि परिवार को जांच में हो रही प्रगति के बारे में जानकारी दी जा रही है और भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा, हम कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। हम पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाते हैं कि निष्पक्ष जांच की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

