home page

नौकरियों में भर्ती नोटिफिकेशन के अनुसार मानदंडों को सख्ती से लागू करने की मांग

 | 

इटानगर, 28 अगस्त(हि.स.)। ऑल अरुणाचल प्रदेश स्टूडेंट्स यूनियन (आपसू) ने अरुणाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशनऔर अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड से राज्य सरकार की नौकरियों में भर्ती के लिए सरकारी नोटिफिकेशन के अनुसार एक समान योग्यता मानदंडों को सख्ती से लागू करने का आग्रह किया है।

आज अरुणाचल प्रेस क्लब में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए,आपसू के अध्यक्ष मेजे टाकू ने राज्य सरकार की नौकरी भर्ती नीति में एक समान योग्यता मानदंडों पर राज्य सरकार के नोटिफिकेशन का स्वागत किया, जिसमें स्थायी निवास प्रमाण पत्र , अरुणाचल प्रदेश अनुसूचित जनजाति प्रमाण पत्र और किसी स्थानीय आदिवासी भाषा का कामकाजी ज्ञान जैसे अनिवार्य दस्तावेज शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के नोटिफिकेशन के बाद, हमने अरुणाचल प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशनऔर अरुणाचल प्रदेश स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड को पत्र लिखकर राज्य सरकार के नोटिफिकेशन के अनुसार दिशानिर्देशों को सख्ती से लागू करने के लिए कहा है और नौकरी भर्ती एजेंसियों से सरकारी नौकरियों के विज्ञापन जल्द से जल्द जारी करने की अपील की है ताकि योग्य युवाओं को तैयारी करने और आवेदन करने के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

छात्र संगठन ने सभी सरकारी विभागों से भर्ती शुरू करने से पहले उपलब्ध रिक्तियों की कुल संख्या को स्पष्ट रूप से बताने का भी आह्वान किया, यह कहते हुए कि नौकरी चाहने वालों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने के लिए रिक्तियों की पारदर्शी जानकारी आवश्यक है। उन्होंने विभागों से अपनी रिक्तियों की जानकारी तुरंत भर्ती एजेंसी को सौंपने का भी आग्रह किया।

उन्होंने उन लोगों के बारे में भी चिंता जताई जो विभिन्न सरकारी विभागों में एक से अधिक सरकारी नौकरियों पर कब्जा करके बैठे हैं। यह 'एक व्यक्ति, एक नौकरी' नीति का पूरी तरह से उल्लंघन है और संगठन ने कहा कि ऐसी प्रथाएं अन्य योग्य बेरोजगार युवाओं के लिए अवसरों को सीमित कर सकती हैं।

उन्होंने उन लोगों से अपील की जो दो-तीन पदों पर कब्जा कर रखा है, वे स्वेच्छा से अपने पदों से इस्तीफा दें और रिक्ति को किसी अन्य योग्य उम्मीदवार के लिए खाली कर दें।

एक व्यक्ति, एक सरकारी नौकरी सिद्धांत की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी रोजगार के अवसर राज्य में अधिक से अधिक योग्य युवाओं तक पहुंचने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर वे ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी